प्रदेश में चल रही ठंडी गलन भरी पछुआ हवा के कारण कड़ाके की ठंड से पूरा प्रदेश बुरी तरह प्रभावित है। बता दें कि राजधानी लखनऊ और कानपुर में ठंड का पिछले दस साल का रिकार्ड टूट गया है। बुधवार को कानपुर में सबसे अधिक ठंड पड़ी जहां दिन के तापमान में 12 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी। इसी प्रकार लखनऊ में दिन का तापमान 11 डिग्री गिरा। इसके अलावा गोरखपुर, खीरी, बांदा, उरई और हमीरपुर में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जे पी गुप्ता ने मीडिया को बताया कि राज्य के कई जिलों में लोगों को ठंड से अभी राहत नहीं मिलने वाली है। अगले 24 घंटों के लिए एलर्ट जारी किया गया है जिसके मुताबिक बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड पड़ेगी और घना कोहरा पड़ेगा।

लखनऊ में दिन में बदली छायी रहेगी, दिन का तापमान 16 डिग्री और रात का तापमान 9 डिग्री रहेगा। राजधानी में दिन का पारा 13।2 डिग्री रिकार्ड हुआ यह सामान्य से 11 डिग्री नीचे था। लखनऊ तथा इसके आसपास के जिलों में पूरे दिन बादल छाये रहे।
मौसम विभाग के रिकार्ड के मुताबिक लखनऊ में वर्ष 2009 से अब तक लखनऊ में अधिकतम तापमान 13।2 डिग्री तक नहीं गया है। रिकार्ड के मुताबिक लखनऊ में रात को सबसे कड़ाके की ठंड वर्ष 2013 में पड़ी थी जब न्यूनतम पारा 1।9 डिग्री तक पहुंच गया था जो सामान्य से 30 डिग्री नीचे था। राजधानी में बीती रात का तापमान 10।6 डिग्री रिकार्ड हुआ जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था।
कानपुर में कड़ाके की ठंड रही। यहां दिन का तापमान 12।6 डिग्री रिकार्ड हुआ जो सामान्य से 12 डिग्री नीचे था। मौसम विभाग के रिकार्ड के मुताबिक यहां वर्ष 2009 से अब तक इतनी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ी। जबकि दिसम्बर 2011 में रात के समय कानपुर में सबसे कड़ाके की ठंड पड़ी थी जब न्यूनतम पारा 1।8 डिग्री पहुंच गया था जो सामान्य से 17 डिग्री नीचे था।
12वीं तक के सभी स्कूल बंद:
प्रदेश में चल रही खतरनाक शीत लहर को देखते हुए प्रदेश के कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों को शुक्रवार तक बंद रहेंगे। सरकारी के प्रवक्ता ने बताया कि दो दिन तक सभी बोर्ड के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिये गये हैं। शनिवार को स्कूलों को खोला जाएगा। जबकि सोमवार तक प्री प्राइमरी से कक्षा आठ तक स्कूल बंद रहेंगे।







