ओमिक्रॉन के असर से टला फैसला
आखिरकार वही हुआ जिसका डर था ओमिक्रॉन भारत में इंट्री कर चुका है। भारत सरकार ने प्रत्येक राज्यों को बड़ी सावधानी बरतने को कहा है। कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट का असर भारत में पूर्व निर्धारित अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर पड़ा है। पहले सरकार की तरफ से बताया गया था कि एक फैसले में तय किया गया है कि 15 दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुरू किया जाएगा। लेकिन अब इस फैसले को टाल दिया गया है। यानी अब भारत में 15 दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें नहीं हो पाएंगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन की तरफ से कहा गया है कि वह अपने पूर्व के फैसले की समीक्षा करेगा। दक्षिण अफ्रीकी देशों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दहशत और ब्रिटेन-बेल्जियम समेत कई देशों में यह वायरस पहुंच जाने के बाद भारत सरकार भी अलर्ट मोड में आ गई है।
डीजीसीए ने कहा कि वह कोरोना वायरस के नए वैरिएंट के उभार को देखते हुए स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। डीजीसीए ने कहा कि वाणिज्यिक अंतरराष्ट्रीय यात्री एयरलाइन सेवाओं को फिर से शुरू करने की तारीख पर अपने फैसले पर वह एक बार फिर से विचार करेगा। उसने 15 दिसंबर से विदेशी उड़ानों को पूरी तरह फिर शुरू करने के फैसले की समीक्षा करने का फैसला किया है। इससे पहले गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श भी किया गया। जिसके बाद यह सख्त कदम उठाये गए।







