लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में समूह जी (ग्रुप सी) पदों की भर्ती के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है।
क्या हैं आवेदन प्रक्रिया और जरूरी शर्तें
ऑनलाइन आवेदन 3 अगस्त 2026 से शुरू होकर 1 सितंबर 2026 तक चलेंगे। पीईटी में शामिल होने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य है। ओटीआर नंबर मिलने के बाद ही आवेदन किया जा सकेगा। फॉर्म जमा होने के बाद किसी भी तरह का संशोधन संभव नहीं होगा, इसलिए सभी जानकारियां ध्यानपूर्वक भरें। आवेदन का प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
आवेदन शुल्क और पात्रता
सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 185 रुपये, अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए 95 रुपये तथा दिव्यांगजनों के लिए मात्र 25 रुपये रखा गया है। पात्रता के लिए 1 जुलाई 2026 तक आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता हाईस्कूल या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है।
परीक्षा पैटर्न और महत्व
पीईटी 2026 की परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और अवधि दो घंटे की रहेगी। गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है। इस परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों की मुख्य लिखित परीक्षाओं के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। पीईटी स्कोर तीन साल तक मान्य रहेगा।
बता दें कि आयोग ने विस्तृत पाठ्यक्रम अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। पिछले साल पीईटी 2025 में 25 लाख से अधिक आवेदन आए थे, इस बार भी युवाओं की बड़ी संख्या शामिल होने की उम्मीद है।






