घर-दुकानों में घुसा पानी, कई बाइक-कारें डूबीं, गोरखपुर समेत 20 से ज्यादा शहरों में बादल छाए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने फिर जोर पकड़ लिया है। रविवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, बरेली समेत 25 शहरों में रुक-रुककर बारिश हुई। गोरखपुर सहित 20 से अधिक शहरों में बादल छाए रहे।
लखनऊ में दोपहर तीन बजे झमाझम बारिश शुरू हुई, जो पांच घंटे तक लगातार चली। कई इलाकों में सड़कों पर तीन-चार फीट पानी भर गया। गलियां तालाब बन गईं, पानी घरों और दुकानों में घुस गया। कई बाइक बंद हो गईं और कारें आधी डूबी नजर आईं।
बता दें कि प्रदेश में गंगा, यमुना समेत 11 नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। मानिकपुर में यूपी-एमपी को जोड़ने वाला छोटा पुल पिछले 36 घंटों से जलमग्न है।






