आंध्र-ओडिशा में भारी बारिश का असर, यूपी-बिहार और बंगाल में भी मौसम बदलेगा; लखनऊ में 25-27 सितंबर तक बारिश की संभावना
लखनऊ । बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 24 सितंबर की शाम तक धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके प्रभाव से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।
यूपी में 25 से 27 सितंबर तक बारिश
इस मौसम तंत्र का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा। IMD के अनुसार लखनऊ में 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 27 सितंबर को भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 25 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और 26 सितंबर को 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और आसपास के इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इसके चलते कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिल सकती है।
ओडिशा में भारी से बेहद भारी बारिश
डीप डिप्रेशन के प्रभाव से ओडिशा के तटीय इलाकों में बारिश तेज है। IMD ने कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। समुद्र की स्थिति भी खराब रहने की चेतावनी है और तटीय क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश के प्रभावित तटीय जिलों में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। भारी बारिश के कारण दोनों राज्यों के कुछ जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
बिहार-बंगाल समेत पूर्वी भारत में भी असर
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
अगले कुछ दिन सतर्क रहने की जरूरत
मौसम का यह बदलाव खासतौर पर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में असर डाल सकता है। ऐसे में जलभराव वाले क्षेत्रों, नदियों-नालों के आसपास और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से सावधानी बरतने की जरूरत है।







