ईंट-भट्ठों की तपिश और स्ट्रीट लाइट की रोशनी से निकलकर समाजसेवा का शिखर छूने वाले पत्रकार रत्नेश कुमार की मर्मस्पर्शी आत्मकथा
समीक्षक: राहुल कुमार गुप्ता
साहित्य में आत्मकथाएं अक्सर सफलताओं के शिखरों का बखान करती हैं, लेकिन बाराबंकी के वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी रत्नेश कुमार की कृति ‘कंधों की पाठशाला (और मैं हारा नहीं)’ घोर अभावों, सामाजिक विषमताओं और आंसुओं के बीच अपनी राह खुद तराशने की एक जीवंत गाथा है। यह कहानी एक ऐसे बालक ‘बुधराम’ की है, जिसके सिर से जन्म के महज छह महीने बाद मां का साया उठ गया। नियति ने जिसे अनाथपन और गरीबी दी, उसे एक निरक्षर लेकिन स्वाभिमानी बटाईदार पिता ‘बिरजू’ ने अपने पसीने और ईमानदारी के संस्कारों से सींचकर वटवृक्ष बना दिया।
पिता के कंधे बने जीवन की पहली पाठशाला
इस पुस्तक की सबसे बड़ी ताकत पिता बिरजू का चरित्र है। हल चलाते और ईंट-भट्ठों पर मजदूरी करते हुए उन्होंने मासूम बेटे को अपने कंधों से बांधे रखा। खुले आसमान की छत और कच्ची मिट्टी के फर्श वाली इसी ‘कंधों की पाठशाला’ में पिता ने लोरी की जगह गिनती और चालीस तक के पहाड़े सुनाकर शिक्षा की नींव रखी।
गरीबी के चरम पर भी इस परिवार ने अपने चरित्र का सौदा नहीं किया है चाहे गलती से अपने नाम दर्ज हुई बारह बीघा जमीन मालिक को लौटाना हो या भुसैले में मिली डेढ़ किलो चांदी असली हकदार को सौंपना। पारिवारिक कलह होने पर भी पिता ने सिर्फ एक थाली और लोटा लेकर घर छोड़ दिया, लेकिन स्वाभिमान से समझौता नहीं किया।
भूख, भेदभाव और 3 रुपये की चप्पल का भावुक मोड़
लेखक ने अपने बचपन के यथार्थ को बेहद बेबाकी से उकेरा है। कभी उबली दलिया के लालच में स्कूल जाने वाला बालक अपनी प्रतिभा से जिले का बोर्ड टॉपर बनता है। पुस्तक में जातिगत भेदभाव का दंश भी झकझोरता है, जब अयोध्या के एक मंदिर में जाति पता चलने पर लेखक के हाथ से ढोलक छीनकर उन्हें बाहर निकाल दिया जाता है।
आत्मकथा का सबसे मार्मिक क्षण तब आता है, जब लेखक अपनी पहली दिहाड़ी से बाराबंकी के नेबलेट चौराहे से तीन रुपये की चप्पल खरीदकर जीवन भर नंगे पैर चलने वाले अपने साठ वर्षीय पिता को पहनाते हैं। टूटी साइकिल से 14 किलोमीटर दूर कॉलेज जाना, पानी की टंकी के नीचे सोना और स्ट्रीट लाइट में पढ़कर डिग्रियां हासिल करना उनके अदम्य संकल्प को दर्शाता है।
दिहाड़ी मजदूर से जनसेवक तक का सफर
दिल्ली की सड़कों पर कूड़ा बीनने और कानपुर की श्रमिक मंडियों की यातना झेलने के बाद, 8 सितंबर 1994 को युवा चेतना शिविर से जुड़कर लेखक के जीवन की दिशा बदल गई। साक्षरता अभियान और यूनिसेफ की परियोजनाओं के जरिए उन्होंने हजारों वंचित बच्चों तक शिक्षा की लौ पहुंचाई। आज वे न केवल समाजसेवा में सक्रिय हैं, बल्कि एक आदर्श पिता के रूप में उनके बच्चे भी चिकित्सा और निशुल्क शिक्षा सेवा के क्षेत्र में समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।
क्यों पढ़ें यह पुस्तक?
आंचलिक खुशबू लिए सरल और सजीव भाषा में लिखी गई यह किताब किसी चलचित्र की तरह पाठक के सामने घूमती है। ‘कंधों की पाठशाला’ उन तमाम अनाम, गरीब और ईमानदार पिताओं को श्रद्धांजलि है जो इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो पाते। संसाधनों की कमी का रोना रोने वाले हर युवा के लिए यह पुस्तक एक संजीवनी है।







