भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने कहा कि कांग्रेस ने नोटबंदी का विरोध करते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरूद्ध अभियान छेड़ दिया था लेकिन विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने जनादेश देकर बता दिया कि नरेन्द्र मोदी की विजय सिर्फ राजनैतिक बदलाव के लिए नहीं थी। बल्कि देश में आधारभूत बदलावों, देश की तरक्की के उपाय करने के लिए दी थी। नोटबंदी ने इस कदम की तस्दीक कर दी है। इसी तरह उत्तर प्रदेश की शहरी जनता ने जीएसटी को इस दिशा में मील का पत्थर माना है और उत्तर प्रदेश के सोलह नगरीय निकायों में 14 नगर निगमों के प्रमुखों का ताज भारतीय जनता पार्टी के सिर पर मतदाताओं रख दिया है। बनारस, अयोध्या में भी कमल खिला है। गुजरात जीतने की हसरत रखने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपने परंपरागत क्षेत्रों में भी नगरीय निकायों में विजय हासिल नहीं कर पाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस से गलबहियां बढ़ाने वाली समाजवादी पार्टी भी कांग्रेस के साथ पराजय का मुंह ताकती रह गयी और हम तो डूबे है सनम तुम्हे भी ले डूबेंगे की कहावत चरितार्थ हुई है। अमेठी की गौरीगंज और जायसनगर पालिकाए कांग्रेस के हाथ से निकल गयी है। उत्तर प्रदेश में नगरीय निकायों के चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड विजय ने जनता के मूड का संकेत दे दिया है। इससे गुजरात में भाजपा की सुनामी कांग्रेस पर भारी पड़ेगी। उत्तर प्रदेश में मिली शानदार भाजपा की जीत से भविष्य की तस्वीर का सरलता से अनुमान लगाया जा सकता है।
लुणावत ने कहा कि गुजरात चुनाव के परिणाम यदि राहुल गांधी की आम चुनाव के बाद मिली 17 पराजयों में वृद्धि करते है तो हैरत की बात नहीं होगी। गुजरात के विकास को पागल बताने वाले राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश की जनता ने माकूल शाक ट्रीटमेंट दिया है।
Keep Reading
Add A Comment






