जीते जी राम मंदिर बने यह जरूरी नहीं
नई दिल्ली, 14 जनवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने सिंगल ब्रांड रिटेल सेक्टर में 100 फ़ीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को मंजूरी देने पर कहा कि संघ केंद्र सरकार के इस फैसले से सहमत नहीं है। विदिशा में संघ के मध्य क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेने के लिए मोहन भागवत यहां आए हुए हैं। भागवत ने कहा कि सरकार के पास संसाधन की कमी रही होगी, या कोई मजबूरी रही होगी। जिसके कारण सरकार ने रिटेल सेक्टर में 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को मंजूरी देने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा संघ इससे सहमत नहीं है। वह सरकार से इस संबंध में बात करेंगे।
राम मंदिर के सवाल पर मोहन भागवत ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हमारे या आपके जीते जी राम मंदिर बन जाए। उन्होंने कहा कोर्ट में केस चल रहा है सभी लोगों को कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा, हमें ऐसा लगता है कि कोर्ट का फैसला हमारे ही पक्ष में आएगा। मंदिर जरुर बनेगा,किंतु उसकी समय सीमा तय नहीं की जा सकती है।







