किसी ने भी रुककर शव को सड़क से हटवाने की कोशिश नहीं की
नई दिल्ली, 14 जनवरी। दिल्ली में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नेशनल हाईवे-24 पर हिट एंड रन की घटना के बाद शव घंटों सड़क पर पड़ा रहा। कई गाड़ियां शव को कुचलकर गुजरती रहीं पर किसी ने भी रुककर शव को सड़क से हटवाने की कोशिश नहीं की। करीब 200 मीटर तक शव के टुकड़े फैल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुरी तरह कुचल चुके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है, लेकिन पहचान नहीं हो पाई है।
हादसा ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के पांडव नगर इलाके में हुआ। पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग और लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार 10 जनवरी की सुबह 4 बजे के करीब पुलिस को कॉल मिली थी कि एनएच-24 पर गाजीपुर की तरफ जाने वाली सड़क पर जहां अक्षरधाम पुल का बोर्ड लगा हुआ वहां एक शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे वाली जगह से करीब 200 मीटर दूर तक शव के टुकड़े फैले हुए थे। धड़ से ऊपर वाला हिस्सा ही गायब था। पुलिस ने बॉडी को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। बॉडी को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी गाड़ी की टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर गया होगा, जिसके बाद कई गाड़ियां शव के ऊपर से गुजर गईं।
पुलिस अफसरों ने बताया कि मृतक के पास से तंबाकू की एक पुड़िया मिली है। हाथ में रेड कलर का कलावा बंधा हुआ है। ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। शव के पास तीन-चार रुपए के सिक्के बिखरे मिले। पुलिस ने यह सब सामान कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान के लिए पता लगाया जा रहा है। टक्कर मारने वाली गाड़ी की पहचान करने के लिए सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यह भी जांच हो रही है कि मरने वाला शख्स इतनी सुबह यहां कैसे पहुंचा।







