भारत और खाड़ी देशों का गहरा नाता है. हमारा नाता सिर्फ बायर और सेलर का नहीं रहा है, बल्कि साझेदार का रहा है: प्रधानमंत्री
यहां पर भारतीय समुदाय के 30 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं: मोदी
नई दिल्ली, 11 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलिस्तीन के बाद शनिवार को अपने द्विपक्षीय दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी पहुंच गए हैं. रविवार को सबसे पहले पीएम मोदी ने वॉर मेमोरियल वाहत अल करमा पहुंचे और श्रद्धांजलि दी. इसके बाद दुबई के ओपेरा हाउस पहुंचे।
यूएई दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर का शिलान्यास किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मंदिर आधुनिक तो होगा ही साथ ही विश्व को ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का अनुभव कराने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा, “हम उस परंपरा में पले-बढे़ हैं, जहां मंदिर मानवता का माध्यम है।”
शनिवार रात यहां पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने अबू धाबी के युवराज मोहम्मद बिन ज़ायद-अल नाह्यान के साथ व्यापक बातचीत की. आज वह दुबई में वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट में विकास के लिए प्रौद्योगिकी विषय पर भाषण देंगे. इस साल भारत इस सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि है. इसमें 140 से ज्यादा देश हिस्सा ले रहे हैं।
PM मोदी के संबोधन से पहले सुचेता ने गुजराती में गाया गीत
पीएम मोदी के संबोधन से पहले ओपेरा हाउस में भारतीय छात्रा सुचेता ने गुजराती, असमिया, मलयालम समेत अन्य भारतीय भाषाओं में गीत गाकर दर्शकों को आकर्षित किया. सुचेता 107 भाषाओं में गीत गाने में सक्षम हैं. इसके लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है।







