हेलीकॉप्टर से करेंगे ‘बागी 2’ का ट्रेलर लॉन्च
मुंबई 20, फरवरी। फिल्म ‘बागी 2’ के निर्माता ने मुंबई के रेसकोर्स में अनूठे तरीके से फिल्म का ट्रेलर लॉन्च करने की योजना बनाई है। टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी आज महालक्ष्मी रेसकोर्स में हेलीकॉप्टर से लैंड कर ट्रेलर लॉन्च करेंगे। फिल्म में एक्शन दृश्यों की भरमार है और फिल्म का एक अहम दृश्य हेलीकॉप्टर में फिल्माया गया है।
इसलिए फिल्म की एक्शन-पैक जोड़ी ऑनस्क्रीन स्टंट को असल जिंदगी मे दोहराने के लिए तैयार है। फिल्म के निर्माता ने बागी-2 के लॉन्च होने से पहले ही ‘बागी 3’ का भी एलान कर दिया है। फिल्म की शूटिंग दिसंबर-2018 से शुरू होगी। बागी-2 30 मार्च-2018 को रिलीज होगी।
टाइगर श्रॉफ की ‘बागी’ सीरिज की तीसरी फिल्म का एलान भी हो गया है। इस फिल्म में भी टाइगर ही मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन अहमद खान करेंगे और फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं। इस सीरिज की पहली फिल्म ‘बागी’ 2016 में रिलीज हुई थी, जिसमें टाइगर श्रॉफ और श्रद्धा कपूर नजर आए थे।







