मुंबई, 28 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली को उम्मीद है कि भारतीय टीम आगामी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरे में बेहतर प्रदर्शन करेगी। भारतीय टीम को जून में इंग्लैंड और साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। भारतीय टीम ने हाल में समाप्त हुए दक्षिण अफ्रीका दौरे में एकदिवसीय और टी20 सीरीज जीती पर उसे टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।
कोहली ने बल्लेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया:
पिछली बार भारतीय टीम को इंग्लैंड दौरे में 1-3 और ऑस्ट्रेलिया में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था उस समय महेन्द्र सिंह धोनी कप्तान थे। इस बार टीम विराट कोहली की कप्तानी में लगातार जीत के रिकार्ड बनाती जा रही है।
गांगुली ने लिखा, ‘कोहली ने बल्लेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरे से पहले यह बात हमें खुशी देती है। मुझे लगता है कि यह टीम इन दोनों में जीत हासिल कर सकती है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में मैच जीतना किसी भी विदेशी टीम के लिए सबसे कठिन काम होता है।’
भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तानों में शामिल गांगुली ने टेस्ट सीरीज के बाद भारत के प्रदर्शन में आए सकारात्मक बदलाव की तारीफ की। वह भारतीय टीम के केप टाउन टेस्ट में वापसी करने से सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आए। वह इससे भी काफी खुश थे कि भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी टी20 में 172 रनों का काफी अच्छी तरह बचाव किया।
गांगुली कोहली के प्रदर्शन से बहुत खुश नजर आए। उन्होंने लिखा, ‘इस दौरे पर कोहली ने भारत के लिए सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने न सिर्फ शानदार बल्लेबाजी की बल्कि उनकी कप्तानी भी काफी अच्छी थी। इस तरह के प्रदर्शन से टीम को यह भरोसा होता है कि वह लगातार बेहतर होने के साथ ही आगे बढ़ रही है।







