जिनीवा । टाटा मोटर्स अगले पांच साल में अपने यात्री वाहन पोर्टफोलियो को पूरी तरह बदल देगी ताकि बिक्री बढ़ाते हुए बाजार भागीदारी बढ़ाई जा सके। टाटा मोटर्स के सीईओ व प्रबंध निदेशक गुएंतर बुशचेक ने यहां जिनीवा मोटर शो में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी के नये वाहन (ओमेगा आप्टिक्ल मोड्यूलर एफिशियंट ग्लोबल एडवांस्ड) तथा एएलएफए (एजाइल लाईट एडवांस्ड आर्किटेक्चर) पर बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में.. 2023-24 तक हमारा उत्पाद पोर्टफोलियो पूरी तरह नया होगा। उन्होंने कहा कि कंपनी के भावी वाहन उक्त नये ढांचे पर बने होंगे। कंपनी एसयूवी सहित सभी खंडों में बहुत आक्रामक रुख अपनाएगी। कंपनी का मानना है कि नये उत्पाद पोर्टफोलियो से वह अपना बिक्री कारोबार बढ़ा सकेगी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कंपनी कितनी बाजार भागीदारी का लक्ष्य लेकर चल रही है। लेकिन कहा कि कंपनी के दृष्टिकोण दस्तावेज के अनुसार वह अगले वित्त वर्ष के आखिर तक घरेलू यात्री वाहन खंड में तीसरे नंबर पर आना चाहती है।







