नई दिल्ली, 27 मार्च। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) नेटवर्क का विस्तार करने के लिए 2018-19 में 4,300 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इसके अलावा 5,000 से 6,000 करोड़ रुपए का निवेश सरकारी दूरसंचार परियोजनाओं में किया जाएगा। एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि 4,300 करोड़ रुपए का निवेश बीएसएनएल के विस्तार के लिए है जिसका इस्तेमाल मोबाइल नेटवर्क को मजबूत बनाने, ब्राडबैंड ढांचागत संरचना के उन्नयन और कोर नेटवर्क की मजबूती में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पांच से छह हजार करोड़ रुपए भारत नेट, नेटवर्क फोर स्पेक्ट्रम, पूर्वोत्तर के लिए विस्तृत दूरसंचार विकास योजना, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के जरिए अंडमान में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने तथा अन्य सरकारी परियोजनाओं पर खर्च किए जाएंगे। बीएसएनएल द्बारा क्रियान्वयित की जा रही अन्य सरकारी परियोजनाओं में लक्षद्बीप द्बीपसमूह को बैंडविथ मुहैया कराना तथा अरुणाचल प्रदेश के दूरस्थ इलाकों को जोड़ना शामिल है।







