सपा-बसपा गठबंधन मजबूत है किसी के तोड़ने से नहीं टूटेगा
लखनऊ, 27 मार्च। अखिलेश यादव ने कहा है कि केन्द्र का विकल्प क्षेत्रीय दल हैं। लोकतांत्रिक प्रगतिशील ताकतें देश हित में एक साथ रहेगी। भाजपाई इससे बुरी तरह बौखला गए हैं क्योंकि गरीब, किसान, दलित और पिछड़े सब सांप्रदायिक और लोकतंत्र विरोधी शक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हो रहे हैं।

श्री यादव सोमवार को भौती, कानपुर में एक संस्थान के सभागार में पांच हजार श्रोताओं, जिसमें शिक्षाविद, विभिन्न विधाओं के विद्धान, छात्र एवं नौजवान शामिल थे, को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने हालिया चुनावों की चर्चा में कहा कि गोरखपुर और फूलपुर में लोकसभा के उपचुनाव जनता के चुनाव थे। क्षेत्रीय मतदाताओं की इच्छा-अनिच्छा उसमें जाहिर होती है। जनता ने चुनाव में समाजवादी पार्टी का भरपूर समर्थन किया। राज्यसभा के चुनाव इंतजाम का चुनाव था। सन् 2019 में फिर चुनाव होना है। इसमें भी जनता डगमगायेगी नहीं जनता ही लोकतंत्र की ताकत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें हर मोर्चे पर विफल हैं। परिवारवाद और जातिवाद के आरोप भाजपा विपक्ष पर न मढे जबकि भाजपा जातिवाद और परिवारवाद की पोषक है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने में भाजपा को महारत है। उसने यही खेल लोकसभा और प्रदेश के चुनावों में खेला और झूठे वादों के सहारे सत्ता में आ गईं।







