सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 62 रनों की खेली पारी
मुंबई, 30 मार्च। अनुजा पाटिल की शानदार गेंदबाजी के बाद स्मृति मंधाना की अर्धशतकीय पारी से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने छठे टी20 मैच में इंग्लैंड को 8 विकेट से हरा दिया। भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज में यह भारत की पहली जीत है।इस मैच में पहले बल्लेबाज करते हुए इंग्लैंड की टीम 18.5 ओवरों में 107 रनों पर ही सिमट गयी।
इसके बाद जीत के लिए मिले 108 रनों के लक्ष्य को भारतीय महिलाओं ने 15.4 ओवरों में आसानी से हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने तेजी से 62 रनों की पारी खेली। वहीं हरमनप्रीत ने भी नाबाद 20 रन बनाये। इस मैच में भारतीय टीम का क्षेत्ररक्षण काफी अच्छा रहा, कप्तान हैरमनप्रीत ने एक असंभव से नजर आने वाले कैच को पकड़कर सभी को हैरान कर दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत की पर भारत के स्पिन आक्रमण के सामने वह टिक नहीं पाई और पूरी टीम सिर्फ 107 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। इस दौरान भारतीय स्पिन गेंदबाज अनुजा पाटिल ने 3 विकेट लिए। वहीं राधा यादव, दीप्ती शर्मा और पूनम यादव ने 2-2 विकेट लिए। भारत की टीम फाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। इस सीरीज का फाइनल मैच 31 मार्च को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा।







