जम्मू, 01 अप्रैल। इन दिनों स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण जम्मू के माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति यह है कि दर्शनों के लिए दो-दो किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं। शुक्रवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और इसे देखते हुए दो घंटे पहले ही पर्ची केन्द्र को बंद करना पड़ा।
शुक्रवार को 41 हजार 200 यात्री पंजिकरण करवाकर भवन की तरफ यात्रा शुरू कर चुके थे। वहीं शनिवार को भी वैष्णो देवी में काफी भीड़ है। रात के कटरा में ठहरे हुए 20 से 25 हजार यात्रियों ने आज अपना पंजिकरण करवाया और भवन के लिए यात्रा आरंभ की। गौरतलब है कि देश अधिकांश राज्यों में परीक्षाएं खत्म हुई हैं। ऐसे में लोग बड़ी संख्या में वैष्णो देवी पहुंच रहे हैं।
श्री वैष्णो देवी श्राइन द्वारा यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे दर्शनों के बाद भवन पर न रूकें और वापसी की यात्रा आरंभ करें, ताकि भवन पर ज्यादा भीड़ नहीं हो। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कटरा से लेकर भवन तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वहीं बोर्ड ने सभी पंजिकरण केन्द्रों एवं माता की तीनों कृत्रिम गुफाओं के द्वार खोल दिये हैं ताकि भीड़ न बढऩे पाए। आपदा प्रबंधन को भी सजग रखा गया है। पिछले चार दिनों से करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए हैं।







