लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी भले ही प्रदेश में कानून-व्यवस्था दुरूस्त करने और सुशासन का दावा कर रही हो, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा के दावे भी योगी सरकार द्वारा हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। ताजा मामला बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र का है, यहां एक किशोरी ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे गांव के बाहर दबोच लिए और रात के अँधेरे में मुंह दबाकर जबरन बलात्कार किया। आरोपी के चंगुल से छूटी किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी दी तो घरवालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। परिवार वाले पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर मिलते ही पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।







