नई दिल्ली,10 मई। आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर 17 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक यह अहम बैठक कर्नाटक चुनाव परिणाम आने के ठीक दो दिन बाद होगी।
गौरतलब है कि कर्नाटक चुनावों के परिणाम 15 मई को घोषित होंगे। इस बैठक में बीजेपी के सहायक संगठनों के 700-800 पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, युवाओं, किसानों, अल्पसंख्यकों और अन्य पिछड़े वर्गों पर चर्चा होगी। इस बैठक को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी संबोधित करेंगे। पूरे दिन चलने वाली इस बैठक में चार साल में पहली बार पार्टी के सभी सहायक संगठन हिस्सा लेंगे।
-इस बैठक में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, भारतीय जनता युवा मोर्चा, भाजपा किसान मोर्चा और भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन सरकार की सफल योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति भी तय की जाएगी।







