नई दिल्ली,12 मई। राजधानी में विभिन्न जगहों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले पोस्टर पर ‘द लाई लामा’ लिखे होने पर पुलिस एक्शन में आ गई है। उसने मंदिर मार्ग इलाके में ऐसे ही एक पोस्टर को जब्त करके ‘संपत्ति बदरंग कानून’ के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि यह पोस्टर एनडीएमसी एरिया के अलावा मोती नगर, मॉडल टाउन समेत विभिन्न जगहों की दीवारों पर देखे गए हैं। यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी कुछ दिन से वायरल हो रहे हैं।
इस पोस्टर के जरिए प्रधानमंत्री के वादों को झूठा बताकर ‘द लाई लामा’ कहकर उन पर तंज कसा जा रहा है। इस तरह के पोस्टर लगने पर बीजेपी नेताओं ने आपत्ति जताई है। पुलिस ने गुरुवार रात लगभग 10:15 बजे मंदिर मार्ग के जे-ब्लॉक से एक पोस्टर जब्त करके मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टर पर किसी प्रेस का नाम-पता नहीं है। चूंकि पोस्टर को सरकारी दीवार पर लगाकर उसकी सुंदरता व सफाई को खराब किया गया है, इसलिए अज्ञात लोगों पर संपत्ति बदरंग कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।







