वाशिंगटन, 26 मई। अमेरिकी कोर्ट ने एपल आईफोन की डिजाइन कॉपी करने के मामले में सैमसंग पर 3600 करोड़ रु. का जुर्माना लगाया और पेटेंट नियमों के उल्लंघन को लेकर अलग से 34 करोड़ भुगतान के आदेश भी सैमसंग को दिए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद अब सैमसंग जुर्माने की यह रकम एपल को देगी। विदित हो कि 7 साल पहले एपल ने आईफोन की डिजाइन चोरी का आरोप सैमसंग पर लगाया था। कोर्ट 2012 में सैमसंग को दोषी करार दे चुका है।
हमारे लिए जुर्माने से ज्यादा केस अहम: एपल
एपल ने फैसले पर कहा, हमारी डिजाइन कॉपी करने पर कोर्ट ने सैमसंग को दोषी पाया है। कोर्ट ने उन्हें भुगतान का आदेश दिया, जो खुशी की बात है।
गौरतलब है कि अमेरिकी कंपनी एपल ने 2011 में आरोप लगाए थे कि दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग ने उसके डिजाइन और यूटिलिटी पेटेंट का उल्लंघन किया है। उसने आईफोन का राउंडेड कार्नर, फ्रंट फेस का रिम और आईफोन होम स्क्रीन की ऐप लेआउट को कॉपी किया। दूसरी ओर, सैमसंग ने शुरूआत से ही पेटेंट नियमों के उल्लंघन के आरोपों को नकारा था। अब सैमसंग ने कोर्ट के फैसले पर नाखुशी जाहिर की है।
उल्लेखनीय है कि फेडरल कोर्ट ने 2012 के शुरुआती फैसले में सैमसंग को दोषी माना था। तब उसे 1 अरब डॉलर के भुगतान का आदेश दिया था। हालांकि, बाद में यह रकम घटाई गई थी।







