- पर्यावरण संरक्षण को समर्पित श्री राम कथा में गावों, गलियों को स्वच्छ करने का लिया संकल्प
- भारत की संस्कृति, संस्कार और परम्पराओं की संस्कृति- प्रेमचन्द्र अग्रवाल
ऋषिकेश, 25 मई। परमार्थ निकेतन में आयोजित पर्यावरण संरक्षण को समर्पित श्री राम कथा में उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमचन्द्र अग्रवाल ने आज सहभाग किया। परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष, गंगा एक्शन परिवार के प्रणेता एवं ग्लोबल इण्टर फेथ वाश एलायंस के संस्थापक स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज ने श्री अग्रवाल को रूद्राक्ष की माला, रूद्राक्ष का पौधा और अंग वस्त्र देकर आशीर्वाद प्रदान किया।

पर्यावरण को समर्पित श्री राम कथा का श्रवण करने आये श्रद्धालुओं को परमार्थ निकेतन में प्रतिदिन पूज्य संतों के आशीर्वचन के साथ-साथ उन्हे गंगा योग एवं ध्यान का भी अभ्यास कराया जाता है। साथ ही गंगा आरती के समय पपेट शो के माध्यम से स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं शौचालय के प्रयोग का संदेश दिया जा रहा है।
कथा के मंच से स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संकल्प कराया कि हम सभी अपनी-अपनी गली, मोहल्ला और गावं को स्वच्छ करने का संकल्प ले तो देश अपने आप स्वच्छ और सुन्दर हो जायेगा। उन्होने कहा कि अभी तक गंगा ने हम सभी के लिये किया अब हम सब जुड़कर तथा दूसरो को जोड़ते हुये प्रकृति, पेड़-पौधे, जल और जंगलों की रक्षा के लिये मिलकर कार्य करे। स्वामी जी ने गंगा और प्रकृति के महत्व के विषय में सभी कथा प्रेमियों को समझाया तो सभी ने बहुत भावुक होकर वृक्षारोपण का संकल्प ग्रहण किया।







