क्वालालंपुर, 31 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मलेशिया के नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने पर सकारात्मक चर्चा हुई। तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में गुरुवार को मलेशिया पहुंचे मोदी ने पुत्राज्या के पेरदाना पुत्र कॉम्प्लेक्स में महातिर के कार्यालय में उनसे भेंट की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया है, हमारी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने के संबंध में दोनों नेताओं ने सकारात्मक चर्चा की। प्रधानमंत्री ने महातिर को मलेशिया का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। मलेशिया के प्रधानमंत्री के रूप में 92 साल के महातिर मोहम्मद ने 10 मई को शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन ने हाल ही में हुए आम चुनावों में 1957 से सत्तारूड़ बारिसन नेशनल (बीएन) गठबंधन पर अभूतपूर्व जीत हासिल की।
इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कहा कि मोदी भारत-मलेशिया सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर महातिर के साथ से चर्चा करेंगे। कुमार ने ट्वीट किया था, मलेशिया एक रणनीतिक साझेदार और हमारी एक्ट ईस्ट नीति में प्राथमिकता वाला देश है।






