अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह जेल तक में हत्याएं कर रहे हैं
लखनऊ, 11 जुलाई 2018: यूपी की बागपत जेल में डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या ने योगी सरकार की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ा दी हैं। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्वीट कर योगी सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर एक बार फिर निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा यूपी में न तो कानून बचा है न व्यवस्था। हर तरफ दहशत का वातावरण है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह जेल तक में हत्याएं कर रहे हैं। ये सरकार की विफलता है। प्रदेश की जनता इस भय के माहौल में बहुत डरी-सहमी है। प्रदेश ने ऐसा कुशासन व अराजकता का दौर पहले कभी नहीं देखा।
बताते चलें कि सोमवार सुबह बागपत जेल में पूर्वांचर के डॉन मुन्ना बजरंगी की पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के डॉन सुनील राठी द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुनील राठी ने जेल परिसर में ही सुबह करीब छह बजे कहा सुनी के बाद मुन्ना बजरंगी पर एक के बाद एक दस गोलियां दागी थीं। गोली लगने से मुन्ना बजरंगी की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जानकारी होते ही यूपी के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, बागपत जेल के जेलर, डिप्टी जेलर, वार्डन व डिप्टी वार्डन को तत्कार निलंबित कर दिया गया है। सुनील राठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में सुनील राठी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।







