लखनऊ 19 सितंबर 2018: मायावती के सम्मानजनक सीटों के बंटवारें के बयान के बाद अखिलेश यादव ने बैकफुट पर नज़र आएं, उन्होंने कहा कि हम गठबंधन करेंगे, भले ही हमें दो कदम पीछे हटना पड़े।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि भाजपा को हराने के लिए उनकी पार्टी गठबंधन करेगी, चाहे इसके लिए दो कदम पीछे हटना पड़े। अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, भाजपा को हराने के लिए सपा गठबंधन करेगी, भले ही इसके लिए दो कदम पीछे हटना पड़े। हमारा एजेंडा देश को बचाना है। उसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। सिर्फ राजनैतिक दल ही नहीं, बल्कि देश की जनता भी भाजपा को हटाना चाहती है।
उन्होंने आगे कहा, मैं समझता हूं कि आने वाले समय में आप देखेंगे कि एक बहुत अच्छा गठबंधन तैयार होगा।
वहीं पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी अखिलेश ने कहा, भारत कई मोर्चों पर पिछड़ रहा है। महंगाई और पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। हम चाहते हैं कि भाजपा वाले ऐसा चमत्कार करें, उनकी आर्थिक नीतियों में ऐसा चमत्कार हो कि जितना आज डॉलर में रुपया आ रहा है, एक दिन ऐसा आए कि रुपये में उतना डॉलर हो।
दरअसल, मायावती ने विपक्षी दलों को यह कहकर एक बार फिर से सोचने के लिए मजबूर कर दिया है कि वह किसी भी गठबंधन में तभी जाएंगी, जब उन्हें सम्मानजनक सीटें मिलें। बसपा प्रमुख मायावती की ओर से सम्मानजनक सीटों की बात करना और कांग्रेस को भी महंगे ईंधन के लिए जिम्मेदार ठहराने के बयान को सीटों की सौदेबाजी के लिए दबाव के तौर पर देखा जा रहा है। यही नहीं बसपा चुपचाप अपने उन इलाकों में पैठ मजबूत करने में जुटी है, जिन्हें उसके मजबूत गढ़ों के तौर पर देखा जाता रहा है।







