अमित शाह ने रोहतक में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर करारा वार किया, उन्होंने कहा कि आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को बिखेर देना चाहिए यानी कि इसे समाप्त कर देना चाहिए लेकिन उस काम को वह नहीं कर पाए लेकिन अब वही काम अब एक दूसरा गांधी (राहुल गांधी) कर रहा है। अमित शाह इस समय हरियाणा के तीन दिवसीय दौरे पर है।
वंशवाद की राजनीति के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए अमित शाह ने कहा कि जिन राजनीतिक दलों में आतंरिक लोकतंत्र नहीं है, वे देश के लोकतंत्र को और मजबूत करने में कभी भी योगदान नहीं दे सकते। उन्होंने कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों में सिद्धांत का अभाव है और वे वंशवाद की राजनीति पर केंद्रित हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास की राजनीति करते हुए भाजपा आज सत्ता तक पहुंची है। भाजपा देश को वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति से आजाद कराना चाहती है।
बता दें कि भाजपा अध्यक्ष राज्य की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान सिलसिलेवार बैठकें करेंगे और मनोहर लाल खट्टर सरकार के कार्यों की समीक्षा करेंगे। अमित शाह रोहतक में रहेंगे क्योंकि भाजपा की निगाहें जिले में राजनीतिक बढ़त हासिल करने की है। इससे पहले भाजपा प्रमुख का सुबह झज्जर जिले के बहादुरगढ़ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। बहादुरगढ़ को ‘हरियाणा का प्रवेश द्वार’ माना जाता है।







