अगले दो-तीन दिन बारिश की चेतावनी, भारी बारिश, 11 की मौत, कई स्थानों पर घर गिरे, दर्जनों घायल, जलभराव से लोग परेशान
यूपी में हो रही लगातार बारिश ने किसानों के माथे पर बल ला दिया है किसान अपनी फसल को लेकर बेहद चिंतित हो रहे हैं उनका कहना है कि लगातार बारिश के चलते धान की अगेती फसल बर्बाद हो रही है किसानों ने कहा हम सब किसान प्रार्थना कर रहे हैं कि अब बरसात ना हो, नहीं तो हम बर्बाद हो जायेंगे। इस बीच मौसम विभाग द्वारा जारी सुचना के अनुसार राजधानी समेत आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही व बारिश का दौर जारी रहेगा।

बता दें कि लगातार हो रही बारिश ने लोगों को दिसंबर की ठण्ड का एहसास करा दिया है और साथ ही मौसम में बदलाव के संकेत भी दिए हैं। वहीं किसानों की धान की फसल तेज हवा के कारण कई स्थानों पर गिर गई। किसानों का कहना है कि फसल लगभग पक कर तैयार है। ऐसे में चावल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। जानकारी के अनुसार जिले के किसान पहले से ही आलू की मिट्टी पलीत होने से पहले ही परेशान हैं। उनका कहना है कि गन्ना भुगतान भी उन्हें समय पर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में धान कि फसल से उन्हें काफी उम्मीद थी लेकिन जोरदार बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी है।
अर्जुनगंज निवासी किसान शिवचरण का कहना है कि खेतों में इन दिनों धान की आवक फसल पक कर तैयार हो चुकी है। जिसकी कटाई भी की जा रही है। ऐसे में बरसात होने से जहां धान की कटाई प्रभावित हुई है, वहीं चावल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यदि चावल की गुणवत्ता खराब हुई तो मंडी में किसानों को इसका बेहतर लाभ नहीं मिल सकेगा। ऐसे में हम सब किसान प्रार्थना कर रहे हैं कि अब बरसात ना हो, नहीं तो हम बर्बाद हो जायेंगे।
जोरदार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त:
राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के पूर्वी जिलों में बृहस्पतिवार को हुई जोरदार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान वष्ा जनित हादसों में 11 लोगों की मौत हो गयी तथा दर्जनों लोग घायल हो गये। राजधानी लखनऊ में देर रात तक बारिश का क्रम जारी रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक 45 मिमी बारिश हो चुकी थी। कई इलाकों में लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कत हुई। लोग मुश्किल से कार्यालय पहुंचे सर्वाधिक बारिश रायबरेली में 89.6 मिमी. रिकार्ड की गयी। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उधर मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लखनऊ में शुक्रवार को सभी स्कूल कालेजों को बंद कर दिया गया है।







