दुकानदार खुद नहीं खाता, जनता बीमार पड़ रही
हमीरपुर : त्योहार सर पर हैं और बाजार में नकली-मिलावटी मिठाइयां धड़ल्ले से बिक रही हैं। इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है कि दुकानदार अपनी बनाई मिठाई खुद नहीं खाता, लेकिन आम जनता उसे खाकर बीमार पड़ रही है। बावजूद इसके उत्तर प्रदेश का खाद्य एवं औषधि विभाग गहरी नींद में सोया हुआ दिख रहा है।
हमीरपुर में छापेमारी का चौंकाने वाला मामला
हमीरपुर में एक मिठाई की दुकान पर जब छापेमारी टीम पहुंची तो मिठाई में मिलावट साफ दिखी। अधिकारी ने दुकानदार से कहा, “पहले खुद खाकर दिखाओ।” लेकिन दुकानदार ने साफ मना कर दिया और बोला, “मैं नहीं खा सकता, ये स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है।” फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
https://youtube.com/shorts/Y-2_M2TRwow?feature=share
विभाग की नींद क्यों नहीं खुल रही?
बाजार में मिलावट का खेल जारी है, लोग बीमार हो रहे हैं, फिर भी विभाग निष्क्रिय बना हुआ है। आरोप है कि महीने में “गांधी जी” खुद उनके घर पहुंच जाते हैं, इसलिए कार्रवाई की जगह आंखें बंद रखने का सिलसिला चल रहा है। त्योहारों के मौसम में मिलावटी मिठाई का यह खेल स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
क्या बोले एक्सपर्ट :
खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. आर.के. शर्मा (पूर्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी) कहते हैं कि “त्योहारों के समय मिठाई में मिलावट सबसे ज्यादा होती है। खासकर खोया, घी, रंग और मिठास बढ़ाने वाले रसायनों का इस्तेमाल आम है। जब दुकानदार खुद अपनी मिठाई खाने से मना कर दे, तो समझ जाइए कि उसमें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थ जरूर मिले होंगे। खाद्य एवं औषधि विभाग को नियमित छापेमारी और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, वरना लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ जारी रहेगा।”
मिठाई खरीदते समय ये सावधानियां जरूर बरतें
- हमेशा FSSAI लाइसेंस वाली दुकान से ही मिठाई खरीदें। लाइसेंस नंबर और वैधता चेक करें।
- बहुत सस्ती मिठाई से बचें। अच्छी क्वालिटी की मिठाई सस्ती नहीं हो सकती।
- ताजी बनी मिठाई लें। पुरानी या बहुत चिकनी-चमकदार मिठाई में नकली रंग या वैक्स की संभावना रहती है।
- खोया-मलाई वाली मिठाई (जैसे गुलाबजामुन, रसमलाई, पेड़ा) ज्यादा सावधानी से चुनें, क्योंकि इनमें मिलावट सबसे ज्यादा होती है।
- घर ले जाने के बाद मिठाई को फ्रिज में रखें और जल्द से जल्द खा लें।
- अगर मिठाई खाने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द या एलर्जी हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं और बची हुई मिठाई की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग में दर्ज कराएं।
- संभव हो तो घर पर ही शुद्ध सामग्री से मिठाई बनाएं।
त्योहार का मजा तभी है जब सेहत भी सुरक्षित रहे!






