डॉ दिलीप अग्निहोत्री
इसमें संदेह नहीं कि उत्तर प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में विकास का सकारात्मक माहौल बना है। अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा भी है कि प्रदेश में वित्तीय अनुशासन कायम किया गया है। विकास के लिए राज्य सरकार त्वरित निर्णय ले रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे और गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। डिफेंस काॅरिडोर के निर्मित होने से लगभग ढाई लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
अगले वर्ष फरवरी में यहां डिफेंस एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। जेवर एअरपोर्ट की अस्सी प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण हो गया है। इसका निर्माण अगले पांच वर्ष के अंदर पूर्ण करा लिया जाएगा। आगरा में भी अंतर्राष्ट्रीय एअरपोर्ट स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों से पन्द्रह मेडिकल काॅलेजों की स्थापना का कार्य चल रहा है। दो नये एम्स भी स्थापित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डाॅलर इकोनाॅमी बनाने की दिशा में कार्य चल रहा है।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत प्रदेश में अनेक कदम उठाए गए है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना’, तीन तलाक पर प्रतिबंध जैसे निर्णय लिए, जिनका सकारात्मक प्रभाव महिलाओं के ऊपर पड़ा है। केंद्र की योजनाओं को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। भ्रूण हत्या, लैंगिक असमानता को समाप्त करने, बालिका के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच पैदा करने तथा बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का शुभारम्भ किया गया है।
इस योजना के अन्तर्गत बालिका के जन्म से लेकर उसके स्नातक में प्रवेश तक विभिन्न चरणों में पन्द्रह हजार रुपये दिये जाने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ की एक कड़ी के रूप में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पूर्व से ही लागू है। सभी वर्गाें के गरीब परिवारों के लिए लागू इस योजना में पात्र लाभार्थी को इक्यावन हजार रुपये प्रदान किये जाते हैं। राज्य सरकार ने सत्ता में आते ही एण्टी रोमियो स्क्वाड का गठन किया।
महिलाओं व बालिकाओं की सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन एक सौ इक्क्यासी संचालित की जा रही है। दस नब्बे विमेन पावर लाइन को सुदृढ़ बनाया गया। इसे एकीकृत आपात सेवा एक सौ ग्यारह से इण्टीग्रेट किया गया है। वृंदावन, मथुरा में एक हजार शैय्या वाले महिला आश्रय सदन कृष्ण कुटीर संचालित किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा एक वर्ष में चार बड़े आयोजन सफलता पूर्वक सम्पन्न कराए गए। जिनमें कुम्भ, प्रवासी भारतीय दिवस, लोक सभा सामान्य निर्वाचन और दीपोत्सव शामिल हैं। इन आयोजनों ने जहां सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूत किया है, वहीं सरकार की प्रबंधन कुशलता को भी प्रमाणित किया है।







