लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा, अध्ययन पर दें ध्यान
लखनऊ, 19 जनवरी, 2020: लखनऊ विश्वविद्यालय के कुुलपति प्रोफसर आलोक राय ने रविवार को छात्रावासों और नवीन परिसर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से मिल रही सुविधाओं, पठन-पाठन और आवश्यकताओं पर चर्चा की और समस्याओं के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। कुलपति ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अध्ययन पर ध्यान दें।
कुलपति प्रोफेसर आलोक राय दोपहर बाद लखनऊ विश्वविद्यालय के नवीन परिसर पहुंचे। वहां की स्थिति का अवलोकन करते हुए छात्र-छात्राओं से मुलाक़ात की। उन्होंने उनसे अध्ययन पर ध्यान देने के लिए कहा और उनकी समस्याएं जानी।

कुलपति ने कहा कि आप सब लोग अध्ययन पर ध्यान दें। समस्याएं हमसे बताएं, उसका निस्तारण करने की पूरी कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि नवीन परिसर को और भी बेहतर बनाया जाएगा। सारी सुुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं की मांग पर नवीन परिसर में कैंटीन सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारू रूप से निर्वहन के लिए विधि संकाय के प्रो. डीएनएस यादव को नवीन परिसर प्रभारी के रूप में नियुक्त किया।
इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर पूनम टंडन, मुख्य अभिरक्षिका प्रोफेसर मनुका खन्ना और कुलानुशासक प्रोफेसर दिनेश कुमार मौजूद थे।







