दिल्ली की हिंसा ने लोगों के जनजीवन को कितना बुरी तरह से प्रभावित किया है इसका जीता जागता उदाहरण है महँग़ाई! जहां दूध के दाम आसमान छू रहे हैं।
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के इस हिंसक दंगे में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में शांति बनी हुई है लेकिन इस शांति के बीच अब दिल्लीवालों के सामने एक बड़ी मुसीबत आ चुकी है।
बता दें कि हिंसक दंगे की वजह से हर जरूरी चीजों के रेट अब आसमान छूने लगे हैं। आमतौर पर नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में जिस दूध की कीमत 58 रुपये हुआ करती थी अब उसी दूध का दाम 200 रुपये लीटर तक पहुंच गया है। दंगे ने न सिर्फ लोगों की आम जिंदगी खराब की बल्कि साथ ही उनको खाने के लिए भी तरसा दिया है।
लोगों के अंदर इतना खौफ बन गया है कि वह अपने घरों से सब्जी, आटा, दाल या दूध लेने बाहर नहीं निकल रहे हैं। अगर लोग बाहर सामान लेने निकल भी रहे हैं तो उन्हें घरों के आसपास कुछ भी नहीं मिल रहा है और अगर मिल भी रहा है तो वह बहुत महंगे दामों में मिल रहा है।







