नरहीं पुलिस ने हत्या में शामिल चारों आरोपितों को किया गिरफ्तार
बलिया, 20 जुलाई 2020: दो दिन पहले नरहीं थाना के शाहबुद्दीनपुर में धान के खेत में मिली मंदबुद्धि युवक की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने दावा किया कि युवक की हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस ने हरिकेश के ही गांव के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नरहीं थाना अर्न्तगत शाहबुद्दीनपुर में हरिकेश बिन्द की गला दबाकर हुई हत्या जानकारी होने के महज 24 घण्टे में स्थानीय पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।उन्होंने कहा कि हरिकेश बिन्द पुत्र संजय बिन्द का शव 18 जुलाई को धान के खेत से मिला था। पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण दम घुटने से पाया गया। कहा कि अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक नरहीं ज्ञानेश्वर मिश्रा व एसआई दिनेश पाठक ने घटना में सम्मिलित शिवाशंकर बिन्द पुत्र हरिनरायण बिन्द, संजय बिन्द पुत्र हरिनरायण बिन्द, रणजीत बिन्द पुत्र हरिनरायण बिन्द व सत्यशील बिन्द पुत्र शिवाशंकर बिन्द निवासीगण शाहबुद्दीनपुर थाना नरहीं को सोमवार तड़के दौलतपुर कथरिया तिराहे से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गये अभियुक्त शिवाशंकर बिन्द ने स्वीकार किया है कि वह मंदबुद्धि के हरिकेश बिन्द के साथ खाना खाने के बाद अक्सर गांव के पूरब तरफ कोलकरना दाई महारानी देवी के मंदिर पर चला आता था। रात में वहीं पर दोनों सोते थे। दोनों एकसाथ भांग का सेवन करते थे। एसपी ने कहा कि 14 जुलाई को शिवशंकर बिंद शाम को लगभग साढ़े छह बजे अपने डेरे पर जा रहा था तो उसके साथ हरिकेश भी चल दिया।
दोनों डेरे पर पहुंच कर रात्रि में करीब आठ बजे भांग की कली को चिलम में लगाकर भांग पीए। इसी बीच हरिकेश ने शिवशंकर की सुरती वाली डिब्बी (चुनौटी) से सुरती गायब कर दिया। इसी बात को लेकर शिवशंकर को गुस्सा आया और दोनों हाथ से उसका गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गयी। इसके बाद उसकी लाश को अपने मकई के खेत में घसीट कर ले जाकर बीच में छिपा दिया। अगले दिन घटना के सम्बन्ध में सारी बातें परिवार में बताते हुए अपने भाई संजय, रणजीत व बेटे सत्यशील के साथ रात में मकई के खेत में पहुंचा। लाश को वहां से उठाकर अपने डेरे से 200 मीटर दूर धान के खेत में फेंक दिया।
बकौल एसपी देवेंद्र नाथ, पकड़ में आए चारों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। इनकी निशानदेही पर मकई के खेत से एक चिलम व माचिस जमीन के अंदर से बरामद किया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई दिनेश पाठक, सिपाही राहुल प्रसाद, अनूप गोड़, धर्मराज भी थे।







