लखीमपुर खीरी में ऑनलाइन फार्म भरने गयी छात्रा के साथ बलात्कार और जघन्य हत्या की घटना ने प्रदेश की योगी सरकार के रामराज्य की कलई खोल कर रख दी है। उप्र बलात्कारियों और अपराधियों का हब बन चुका है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को कही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के साथ हो रहे रोजाना हिंसा, बलात्कार, गैंग रेप, हत्या, उत्पीड़न की घटनाएं साफ इशारा करती हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और प्रदेश बलात्कारियों का अड्डा बन चुका है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ हो रही जघन्य हिंसा के मामले योगी सरकार में टाॅप पर हैं। पिछले दिनों लखीमपुर में ही एक अबोध बच्ची के साथ दर्दनाक गैंगरेप और उसकी निर्मम हत्या हुई थी, जिसकी स्याही अभी सूख ही नहीं पायी थी कि लखीमपुर में फिर एक छात्रा के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना ने प्रदेश को हिलाकर रख दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना महामारी की रोकथाम में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। यही कारण है कि इस महामारी की भयावहता को देखते हुए उच्च न्यायालय को भी संज्ञान लेना पड़ा और प्रदेश के मुख्य सचिव को आड़े हाथों लेते हुए कोरोना के रोकथाम की कार्ययोजना तलब की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री येागी आदित्यनाथ को सलाह देते हुए कहा कि वह प्रदेश के कानून व्यवस्था की समीक्षा करें और महिलाओं की सुरक्षा से सम्बन्धित हर कदम को गंभीरता से उठायें ताकि बलात्कार का हब बन चुके उ.प्र. में कानून का भय पैदा हो और ऐसी घटनाएं रूक सकें।







