भारत ने चीनी सेना की घुसपैठ को किया नाकाम
देश दुनिया में चीन के प्रति जबरदस्त नाराजगी है लेकिन फिर भी चीन की हिमाकत बढ़ती जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चीन की घुसपैठ को लेकर रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को एक प्रेस नोट जारी किया। इसमें कहा गया है कि चीन ने फिर यथास्थिति का उल्लंघन किया है। नोट के मुताबिक, 29 अगस्त की रात चीनी सेना ने पूर्वी लद्दाख के भारतीय इलाके में घुसपैठ की कोशिश की। भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों की इस कोशिश को नाकाम कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इससे पहले चीन ने लद्दाख के पास अपने जे20 फाइटर प्लेन भी तैनात कर दिए हैँ।
रिपोर्ट्स के अनुसार रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारतीय सेना ने चीन के सैनिकों को पैंगॉन्ग सो झील के दक्षिणी किनारे पर ही रोक दिया। भारत ने यह भी कहा कि हमारी सेना बातचीत के जरिए शांति कायम करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन हम अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना जानते हैं। इस मुद्दे को सुलझाने के लिए चुशूल में ब्रिगेड कमांडर लेवल की बातचीत भी हो रही है।
बता दें कि 15 जून को लद्दाख के गलवान में चीन और भारत के सैनिकों में हिसक झड़प हुई थी, जिसमें हमारे 20 जवान शहीद हो गए थे। सरकारी अफसरों के हवाले से न्यूज एजेंसी ने बताया कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (पीएलएएफ) ने होतान एयरबेस पर जे-20 फाइटर प्लेन तैनात किए हैं। ये फाइटर 29-30 अगस्त की दरमियानी रात हुई घटना के पहले ही डिप्लॉय किए गए। होतान एयरबेस लद्दाख से नजदीक है।







