दो कृषि विधेयकों के पारित होने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आने वाले समय में किसानों की टेक्नोलॉजी तक पहुंच और आसान होगी। उन्होंने लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी दो कृषि विधेयकों के पारित होने का भी स्वागत किया। उन्होंने एक बार फिर से जोर देकर कहा कि एमएसपी की व्यवस्था जारी रहेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने बिल के उच्च सदन से पास होने के बाद कहा, मैं पहले भी कह चुका हूं और एक बार फिर कहता हूं कि एमएसपी की व्यवस्था जारी रहेगी। सरकारी खरीद जारी रहेगी। हम यहां अपने किसानों की सेवा के लिए हैं। हम अन्नदाताओं की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारे कृषि क्षेत्र को मॉडर्न तकनीक की तत्काल जरूरत है, क्योंकि इससे मेहनतकश किसानों को मदद मिलेगी। अब इन बिलों के पास होने से हमारे किसानों की पहुंच भविष्य की टेक्नोलॉजी तक आसान होगी। इससे न केवल उपज बढ़ेगी, बल्कि बेहतर रिजल्ट सामने आएंगे। यह एक स्वागत योग्य कदम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे ऐतिहासिक करार देते हुए कहा, भारत के कृषि इतिहास में आज एक बडा दिन है। संसद में अहम विधेयकों के पारित होने पर मैं अपने परिश्रमी अन्नदाताओं को बधाई देता हूं। यह न केवल कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन लाएगा, बल्कि इससे करोड़ों किसान सशक्त होंगे। लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी किसानों से संबंधित दो बिल रविवार को पारित हो गए।







