लखनऊ ने 188 रन से जीता मैच: चौधरी आशीफ अली मेमोरियल अंडर 19 क्रिकेट लीग मैच में क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ और जेडसीए लखीमपुर-खीरी के बीच हुआ मैच
लखनऊ, 15 मार्च 2021: चौधरी आशीफ अली मेमोरियल अंडर 19 क्रिकेट लीग में रविवार को क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ और जेडसीए लखीमपुर-खीरी के बीच मैच खेला गया। इसमें रोहित द्विवेदी की शानदार गेंदबाजी के लखनऊ की टीम ने लखीमपुर को 188 रन से हरा दिया।
क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में छह विकेट गवांकर 239 रन बनाये। सलामी बल्लेबाज प्रभानुर सिंह ने सात चौकों की मदद से 60 बाल पर 54 रन बनाये, जबकि शिवम ने छह चौकों की मदद से 64 बाल पर 58 रन बनाया। वहीं विप्रराज ने 42 बाल पर 45 रन बनाये। लखीमपुर टीम के गेंदबाज नवीन शर्मा व देव यादव ने दो-दो विकेट लिये।
लखीमपुर-खीरी की टीम मात्र 50 रन बनाकर 18वें ओवर में ही धराशायी हो गयी। सलामी बल्लेबाज तनुराज को रोहित ने पहली बाल पर ही शून्य पर पवेलियन लौटा दिया। वहीं अंश मात्र छह रन बना सके। लखीमपुर की टीम के चार बल्लेबाज शून्य पर ही वापस लौटे, जबकि सर्वाधिक 14 रन बनाने वाले आशुतोष रहे। लखनऊ के गेंदबाज राहित द्विवेदी के आगे लखीमपुर के बल्लेबाजों की एक न चल सकी। रोहित ने 15 रन देकर छह विकेट लिये। वहीं मिलन यादव ने दो विकेट चटकाये। इस मैच में मैन आफ द मैच का खिताब रोहित को दिया गया।







