लखनऊ,17 मार्च 2021: भारत में खेले जा रहे दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम ने पांचवें और अंतिम वनडे मैच में भारतीय टीम को 5 विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 4-1 से अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने कप्तान मिताली राज के नाबाद 79 रनों की बदौलत 188 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 48.2 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मिग्नोन डु प्रिज (57) और अन्ने बोस (58) ने अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों के अलावा मारिजने कप्प ने नाबाद 36 और नदीन डी क्लर्क ने नाबाद 19 रन बनाए। भारत की तरफ से राजेश्वरी गायकवाड़ ने तीन,दयालन हेमलता और सी.प्रत्युषा ने 1-1 विकेट लिया। इससे पहले भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवरों में 9 विकेट पर 188 रन बनाए। मिताली राज ने नाबाद 79 रन बनाए।
मिताली के अलावा हरमनप्रीत कौर ने 30 रन बनाए। वह रिटायर्ड हर्ट हुईं। इन दोनों के अलावा प्रिया पूनिया और स्मृति मंधाना ने 18-18 रन बनाए।जबकि पूनम राउत ने 10 रन बनाए। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया।







