कानपुर, 01 अगस्त, 2021: उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ की आम सभा गोविन्द नगर के लालीपाप स्कूल में की गयी। प्रदेश के प्रमुख उद्यमी तथा उत्तर प्रदेश शतरंजत खेल संघ के अध्यक्ष संजय कपूर की अध्यक्षता में हुयी इस बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।
संघ के महासचिव एके रायजादा ने बताया कि हमारी योजना कार्यक्रम के माध्यम से शहरी स्कूलों के साथ साथ ग्रामीण स्कूल के बच्चों को भी शतरंज से जोडने की है। शतरंज के माध्यम से बच्चों का व्यक्तित्व विकास हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस करोना काल में शतरंज ही एक मात्र ऐसा खेल है जो आनलाइन खेला जा सकता है और बच्चों को व्यक्तित्व विकास का अवसर देता है इसलिए शतरंज संघ की जिम्मेदारी ओर भी बढ जाती है। उन्होंने कहा कि हमारी सभी जिला इकाईयां इस दायित्व को निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ के अध्यक्ष डा संजय कपूर जो कि वर्तमान में आल इंडिया चेस फेडरेशन के भी अध्यक्ष है ने बताया कि चेस इन स्कूल कार्यक्रम को बढाने के लिए एक लाख नकद पुरस्कार राशि का आनलाइन टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। जिसका उद्घाटन दिनांक 02 अगस्त 2021 को दोपहर बाद किया जायेगा।
उन्होेने बताया कि हमारा लक्ष्य इस वर्ष एक लाख बच्चों को शतरंज खेल से जोडने का है। हम लोग शहरी एवं ग्रामीण स्कूली बच्चों के साथ ही झुग्गी झोपडी में रहने वाले व स्कूल न जाने वाले बच्चों को भी शतरंज खेल से जोडेंगे। इस संदर्भ में बरेली एवं बलिया जिलों में एक-एक पायलेट प्रोजेक्ट चलाये जा रहे है। इसके संतोषजनक परिणाम आने पर इस योजना को पूरे प्रदेश में लागू किया जायेगा। डा कपूर ने सभी जिला इकाइयों को निर्देश दिया कि हर जिले के सभी स्कूलों को आॅनलाइन चेस खेल से जोडा जाये।
बैठक में उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ के कोषाध्यक्ष विनय आनंद, सह सचिव अजय मिश्रा एवं अतुल निगम, कार्यकारी सदस्य दिलीप श्रीवास्तव, सीजे थामस, विपिन अग्निहोत्री, उमेश सिंह उपस्थित रहे। बैठक में 42 जिला इकाइयोें के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रुप में उत्तर प्रदेश के इन्टरनेशनल मास्टर दिनेश शर्मा भी सम्मिलित हुये।







