डॉ दिलीप अग्निहोत्री
टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया था। उन्होंने इसका कारण भी बताया था। मीराबाई चानू का जन्म मणिपुर के सुदूर ग्रामीण अंचल के निर्धन परिवार में हुआ था। उनमें खेल व भारोत्तलन के प्रति जज्बा था। उनकी प्रतिभा को देखते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उनको प्रोत्साहन व सहायता दी। मीराबाई ने बताया कि स्वयं नरेंद्र मोदी सरकार ने उनको प्रशिक्षण हेतु अमेरिका भेजने का निर्णय लिया था। इसके दृष्टिगत एक दिन में ही अमेरिका जाने की औपचारिकताओं को पूरा किया गया। मीराबाई चानू को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इसके पहले नरेंद्र मोदी सरकार ने उनको पद्मश्री सम्मान देकर सम्मानित किया था। इससे भी उनका उत्साहवर्धन हुआ था।
टोक्यो ओलंपिक में रवाना होने से पहले नरेंद्र मोदी ने प्रतिभागियों से वर्चुअल संवाद किया था। उनका उत्साह बढ़ाया था। उनको शुभकामना दी थी। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के प्रतिभागियों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संवाद किया था। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया था। खेलो इंडिया अभियान से भी देश व उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिल रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के दस खिलाड़ी भारतीय ओलम्पिक दल में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद दुनिया के खेल के महाकुम्भ टोक्यो ओलम्पिक में,विश्व के सभी प्रतिष्ठित खिलाड़ी एकत्र हुए हैं। यह उनकी खेल के प्रति प्रतिबद्धता एवं लगाव को प्रदर्शित करता है। भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन में विभिन्न इवेण्ट का आयोजन व्यापक जनसमर्थन के साथ किया जा रहा है। पूरा देश अपने खिलाड़ियों का समर्थन कर रहा है। योगी आदित्यनाथ ने ग्राम सभा उतरांवाँ, मोहनलालगंज में ओपन जिम का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिभाग करने हेतु इस बार देश की तरफ से खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल भेजा गया है। खेल की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री ने खेलो इण्डिया अभियान को गांव गांव तक पहुंचाने का कार्य किया है।
प्रधानमंत्री के प्रेरणा से प्रदेश सरकार द्वारा युवा ऊर्जा के लिए गांव-गांव में स्टेडियम, ओपन जिम, व्यायामशालाओं का निर्माण किया जा रहा है। खेल की गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए युवक मंगल दल और महिला मंगल दलों का गठन किया गया है। विगत चार वर्षों के दौरान मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट भी उपलब्ध करायी गई हैं। इससे गांव गांव में खेल के प्रति एक नई अभिरुचि जागृत हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ओपेन जिम का निर्माण इस दिशा में एक अच्छा प्रयास है।
खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश में एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना का निर्णय लिया है। हमारा युवा अनेक सम्भावनाओं से भरपूर है। उन्हें जब इस प्रकार की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। ओलम्पिक में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु सरकार ने ओलम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता को पुरस्कार स्वरूप छह करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता को चार करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक विजेता को दो करोड़ रुपए की धनराशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।







