लखनऊ 09 अगस्त 2021 : उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी द्वारा अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर आज पूरे प्रदेश में ‘‘भाजपा गद्दी छोड़ो‘‘ मार्च का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश भर की समस्त विधान सभाओं में कांग्रेसजनों ने लगभग चार किलोमीटर पैदल मार्च किया। कांग्रेसियों द्वारा निकाले गये मार्च के दौरान अधिकांश जनपदों में पुलिस ने कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर मार्च कार्यक्रम को विफल करने का प्रयास किया। वहीं कांग्रेस के पदाधिकारियों का दावा है कि तमाम बड़े नेताओं को योगी सरकार की पुलिस ने हाउस अरेस्ट भी किया है। कांग्रेस ने कहा कि दो दिवसीय विरोध प्रदर्शन मार्च को लेकर आज 10 अगस्त को भी विभिन्न जनपदों में मार्च प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश की तमाम विधानसभाओं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिक्शा पर मोटरसाइकिल, खाली गैस सिलेंडर, दाल-किरासन रखकर प्रदर्शन किया। भाजपा गद्दी छोड़ो के नारे के साथ हर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार मार्च किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि अगस्त क्रांति दुनिया की अपने ढंग की बेमिशाल क्रांति थी जो भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का निर्णायक संघर्ष और प्रवेश द्वार बनी। उन्होंने कहा कि भाजपा की बहरी सरकार से ना हम डरे है, ना डरेंगें। सरकार कांग्रेसियों का चाहे जितना उत्पीड़न कर ले जनहितों के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी आर-पार की लड़ाई सदैव लड़ेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने एक प्रेस रिलीज़ के माध्यम से कहा कि बलिया से गाजियाबाद तक योगी पुलिस ने कांग्रेसियों को दबाने और डराने के लिए पूरा प्रयास किया। सरकार में नौजवानों के उपर गिरी लाठियों का अन्नदाताओं के आसुओं का, दलितों पर हुए अत्याचारों का, छोटे मझोले व्यापारियों के बदहाली का हिसाब जनता जरूर करेगी। अगस्त क्रांति दिवस से प्रेरणा लेकर हम कांग्रेसजन जनता के सहयोग से भाजपा सरकार को ‘‘गद्दी छोड़ने‘‘ पर मजबूर कर देगें।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘‘भाजपा गद्दी छोड़ो‘‘ कार्यक्रम के परिपेक्ष्य में आज यहां बाराबंकी में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तथा मीडिया विभाग के चेयरमैन व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी लखनऊ की मलिहाबाद एवं सरोजनी नगर विधान सभा में मार्च का नेतृत्व किया।







