एक्सीलिया बैडमिंटन एकेडमी में मना जीत का जश्न, ऑनलाइन माध्यम से जुड़े प्रमोद भगत, कृष्णा नागर, मनोज सरकार और कोच गौरव खन्ना
लखनऊ, 05 सितम्बर, 2021: एक्सीलिया स्कूल स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया बैडमिंटन एकेडमी में रविवार को भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों की जीत का जश्न जोर−शोर से मनाया गया। जिसमें एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी समेत कई अंतर्राष्ट़्रीय खिलाड़ी शामिल हुए। इस मौके पर टोक्यो पैरालिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रमोद भगत, कृष्णा नागर, कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार और भारतीय टीम के कोच गौरव खन्ना ऑनलाइन जुड़े और जश्न में शामिल हुए।

प्रमोद भगत ने प्रशिक्षु खिलाडि़यों से कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए आप सभी अभी से तैयारी करें, तभी हम सब भारत के हिस्से में पदकों की झड़ी लगा पायेंगे। कृष्णा नागर ने कहा कि आज का दिन उनकी जिंदगी में सबसे यादगार है, भारतीय झंडे को सबसे ऊपर जाते हुए देखना उनका सपना था, जो पूरा हुआ। मनोज सरकार ने “भारत माता की जय” का उद्घोष करते बच्चों का जोश देखा तो बोल उठे कि इतना प्यार और सम्मान ही किसी खिलाड़ी में जीत का जज्बा भरता है। विजेता खिलाड़ियों ने अपनी जीत देश और माता-पिता को समर्पित की, जिनकी वजह से वह यह मुकाम हासिल कर सके।
वहीं भारतीय टीम के कोच गौरव खन्ना ने कहा कि पैरालिंपिक के मंच पर वह भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाडि़यों को तिरंगा लहराते हुए देखना चाहते थे, जो खिलाडि़यों की मेहनत और उनके कभी हार न मानने के जज्बे से सफल हुआ।
इस अवसर पर एक्सीलिया माइ कैरियर केयर की निदेशक श्रीमती शालिनी पाठक, गौरव खन्ना एक्सीलिया बैडमिंटन एकेडमी के कोच ज्वाय गुप्ता, आदित्य सिंह, पूजा समेत एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी और उनके अभिभावक भी शामिल हुए।







