लखनऊ, 23 दिसम्बर। छात्रों ने अमेरिकन मैथ्स ओलम्पियाड-2021 में 9 पदक जीतकर लखनऊ का मान बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित ओलम्पियाड में 30 देशों के छात्रों ने प्रतिभाग किया, जिसमें सी.एम.एस. छात्र हैदर मुस्तफा खान ने देश में प्रथम व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर 8वीं रैंक पाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
इस प्रतिष्ठित ओलम्पियाड में पदक जीतने वाले सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के छात्रों में हैदर मुस्तफा खान, आर्यन सिंह डागुर, ताशवी सिंह, सिद्वान्त सिंह पनवार, स्वप्निल कुमार सिंह, सर्वग्य सागर सिंह, अदीना खान, मेधा अवस्थी एवं यशार्थ तिवारी शामिल हैं। इसके अलावा, विद्यालय की छात्रा अयाना सिंह को ‘ऑनरेबल मेन्शन’ खिताब से नवाजा गया है।
सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने सभी 10 मेधावी छात्रों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में नई स्फूर्ति व उत्साह का संचार करती हैं: रिजवी
अन्तर-विद्यालयी ताईक्वाण्डो चैम्पियनशिप का उद्घाटन

दो-दिवसीय अन्तर-विद्यालयी ताईक्वाण्डो चैम्पियनशिप का भव्य उद्घाटन आज सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में डा. सैय्द रफत जुबैर रिजवी, जनरल सेक्रेटरी, हमादोन क्यूमडो एसोसिएशन ऑफ इण्डिया ने उद्घाटन किया।
इस अवसर पर श्री रिजवी ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के साथ ही उनमें नई स्फूर्ति व उत्साह का संचार भी करती हैं। यही बाल खिलाड़ी आगे चलकर ताईक्वाण्डो में देश का नाम रोशन करेंगे।
डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा के विकास हेतु उनके प्रारम्भिक वर्षों में प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराना व उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों पर प्रोत्साहित करना अत्यन्त आवश्यक है।







