लखनऊ 30 मई : उत्तर प्रदेशीय परिषदीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्र मिश्र व शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा परिषदीय स्कूलों के मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) व समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उ0प्र0 को पत्र लिखकर कहा है कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून से 11 जून तक सभी विद्यालयों में समर कैम्प आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम भीषण गर्मी व लू के कारण स्थगित किये जाएँ।
उन्होंने पर में अपील करते हुए लिखा कि लखनऊ के सभी बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों में 20 मई 2024 से 15 जून 2024 तक पूर्व से ही ग्रीष्मावकाश घोषित है। इस बीच प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, प्रदेश में तापमान लगभग 50 डिग्री के पास पहुँच गया है मौसम विभाग ने भी रेड एलर्ड जारी किया है। दर्जनों लोग प्रतिदिन लू और गर्मी से हताहत हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी गर्मी में बाहर न निकलने का सुझाव दिया गया है। शिक्षकों ने कहा कि ऐसी स्थिति में ग्रीष्मावकाश में समर कैम्प कराया जाना नियमानुकूल नही है साथ ही भीषण गर्मी में लू व गर्मी के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ना निश्चित है। इसलिए भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए 05 जून से 11 जून 2024 तक आयोजित होने वाले समर कैम्प को स्थगित किया जाएं।







