पुरुष आमतौर पर महिलाओं से करीब 5 इंच लंबे होते हैं, लेकिन इसका कारण अब तक रहस्य बना हुआ था। अब वैज्ञानिकों ने एक नए अध्ययन में इस पहेली को सुलझाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नए शोध में पता चला है कि एक खास जीन पुरुषों की ऊंचाई को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। यह जीन महिलाओं में पूरी तरह सक्रिय नहीं होता, जबकि पुरुषों में यह ज्यादा एक्टिव रहता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका और ब्रिटेन के लगभग 1 लाख लोगों के जेनेटिक डेटा का विश्लेषण करते हुए शोधकर्ताओं ने एक खास जीन शॉक्स (SHOX) को इस ऊंचाई के अंतर के पीछे संभावित कारण बताया है। एनवाईटी की रिपोर्ट के अनुसार, वैज्ञानिकों ने रिसर्च में पाया कि जिन लोगों के पास एक अतिरिक्त वाई क्रोमोसोम होता है, उनका कद महिलाओं की तुलना में ज्यादा होता है।
शॉक्स जीन दोनों एक्स और वाई क्रोमोसोम में पाया जाता है, लेकिन यह पुरुषों में वाई क्रोमोसोम पर ज्यादा सक्रिय होता है, जिससे उनकी ऊंचाई पर प्रभाव बढ़ जाता है। महिलाओं में एक एक्स क्रोमोसोम मुख्य रूप से निष्क्रिय होता है, इसलिए शॉक्स जीन पूरी तरह सक्रिय नहीं होता । शोध के अनुसार, यह जीन पुरुषों और महिलाओं के बीच औसत ऊंचाई के फर्क का लगभग एक चौथाई हिस्सा समझाता है। बाकी का अंतर अन्य जीनों और पुरुष हार्मोन्स की वजह से होता है। जेनेटिक्स एक्सपर्ट एरिक शाट ने इस खोज को बहुत ही रोमांचक बताया और कहा कि यह शोध उन रहस्यों को समझने में मदद करता है। जो अब तक छुपे हुए थे।







