पटना, 22 मई 2025: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपनी सुपरहिट वेब सीरीज क्रिमिनल जस्टिस: ए फैमिली मैटर के चौथे सीजन के प्रमोशन की शुरुआत बिहार की राजधानी पटना से की। होटल ताज, सिटी सेंटर के मैत्री हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मीडिया से बातचीत की और शो से जुड़ी खास बातें साझा कीं।
पंकज ने कहा, “मेरा किरदार माधव मिश्रा पटना से है, इसलिए प्रमोशन की शुरुआत यहीं से करना मेरे लिए खास है। पटना मेरी कर्मभूमि है, जहां से मैंने थिएटर शुरू किया और अभिनय का सपना देखा।” यह शो, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और बीबीसी स्टूडियोज़ इंडिया के सहयोग से निर्मित, रोहन सिप्पी द्वारा निर्देशित है और 29 मई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।
पंकज ने बताया कि क्रिमिनल जस्टिस एक लीगल ड्रामा है, जिसमें माधव मिश्रा के किरदार के जरिए सिचुएशनल ह्यूमर और गंभीर कानूनी पहलुओं का मिश्रण है। उन्होंने कहा, “सीजन 4 में बिहार की बोली और माहौल को शामिल किया गया है, जो दर्शकों को खूब पसंद आएगा।” मजाक में उन्होंने कहा, “अगर मौका मिला तो मैं कालीन भैया का भी केस लड़ लूंगा!”
पंकज ने मनोज वाजपेयी को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी फिल्मों ने उन्हें सिनेमा में आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक इस सीजन को भी उतना ही प्यार देंगे, जितना पिछले सीजनों को मिला।






