मुंबई, 29 जुलाई 2025: बॉलीवुड में “सरकार” और “सरकार राज” की सफलता के बाद अब “तिवारी सरकार” नामक ऐतिहासिक फिल्म चर्चा में है। यह फिल्म स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के जीवन पर आधारित है, जिनका असली नाम चंद्रशेखर सीताराम तिवारी था। मात्र 15 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष शुरू करने वाले आजाद की वीरता और बलिदान को यह फिल्म नए दृष्टिकोण से पेश करेगी।
चंद्रशेखर आजाद पर पहले “शहीद” (1965), “23 मार्च 1931: शहीद” (2002), “द लीजेंड ऑफ भगत सिंह” (2002), और “शहीद चंद्रशेखर आजाद” (2020) जैसी फिल्में बन चुकी हैं, जिनमें मनमोहन, सनी देओल, और अखिलेंद्र मिश्रा जैसे कलाकारों ने उनकी भूमिका निभाई। हालांकि, “तिवारी सरकार” को विशिष्ट बताते हुए निर्माता-निर्देशक-अभिनेता एस.के. तिवारी कहते हैं कि यह फिल्म आजाद के असली नाम और पहचान को उजागर करने के साथ उनके संघर्ष को भावपूर्ण ढंग से दर्शाएगी।
मध्य प्रदेश के सतना से ताल्लुक रखने वाले एस.के. तिवारी एक बहुआयामी कलाकार हैं। उनके म्यूजिक वीडियो “अधूरा तेरे बिन” और हालिया एल्बम “ना पूछूंगा कोई भी सवाल” ने दर्शकों का दिल जीता है। इस गीत में उनकी और चांदनी गुप्ता की जोड़ी को खूब सराहना मिली। अब “तिवारी सरकार” में वे स्वयं आजाद का किरदार निभा रहे हैं। तिवारी प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म के साथ वे वेब सीरीज “सॉरी”, “कोतवाल”, और “दासी” पर भी काम कर रहे हैं, जिनमें उनकी सह-कलाकार श्वेता सिंह हैं।
एस.के. तिवारी कहते हैं, –
“‘तिवारी सरकार’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि चंद्रशेखर आजाद जैसे युगपुरुष को श्रद्धांजलि है। यह उनके असली नाम और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। सिनेमा के जरिए हम मनोरंजन के साथ-साथ समाज को जागरूक करना चाहते हैं।” यह फिल्म ऐतिहासिक तथ्यों को जीवंत करते हुए युवाओं को उनके नायकों की विरासत से जोड़ेगी और स्वतंत्रता संग्राम के एक अमर अध्याय को पुनर्जनम देगी।






