मुंबई : बॉलीवुड के चमकते सितारे ऋतिक रोशन का कहना है कि उनकी आगामी फिल्म ‘वॉर 2’, जो 14 अगस्त को विश्वभर में रिलीज होने वाली है, दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में एक अविस्मरणीय अनुभव होगी।
इस फिल्म में ऋतिक, पैन-इंडियन स्टार एनटीआर के साथ एक तीखे और रोमांचक टकराव में नजर आएंगे, जिसे वे सिनेमाई दृश्यों का एक शानदार नजारा बताते हैं। ऋतिक ने कहा, “जब मैंने ‘वॉर’ में कबीर का किरदार निभाया था, तो दर्शकों का प्यार मुझे ‘कहो ना… प्यार है’, ‘धूम 2’ और ‘कृष’ की याद दिला गया। इस बार कबीर के किरदार में वापसी मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया था। इस बार कबीर पहले से कहीं ज्यादा गहरा, भावनात्मक और जटिल है। मुझे यकीन है कि ‘वॉर 2’ दर्शकों के लिए एक ऐसा अनुभव होगा, जिसे वे छोड़ना नहीं चाहेंगे।”
गंभीर चोटों से जूझते हुए इस फिल्म की शूटिंग करने वाले ऋतिक ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए हर मेहनत और दर्द सार्थक रहा। उन्होंने बताया, “शूटिंग के दौरान कई बार दर्द और चोटों से गुजरना पड़ा। उस वक्त मैं सोचता था कि क्या यह सब इसके लायक है? लेकिन अब दर्शकों का उत्साह और प्यार देखकर लगता है कि हां, यह पूरी तरह वाजिब था।” (रिपोर्ट : अनिल बेदाग)







