लखनऊ । जानकीपुरम थाना क्षेत्र स्थित स्कूल से गेट के सामने से 9 वीं कक्षा के छात्र शुभ गुप्ता को अज्ञात वैन सवार लोगों ने अगवा कर लिया। बाद में बदमाशों ने छात्र को उन्नाव में छोड़कर भाग गए। एक चाय वाले की मदद से छात्र ने घर वालों को सूचना दी। परिवारीजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जानकीपुरम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सीतापुर रोड, अहिबरन पुर निवासी विवेक गुप्ता का बेटा शुभ (14) जानकीपुरम विस्तार स्थित सेंट मैरी कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र है। विवेक ने बताया कि उनका बेटा वैन से स्कूल आता जाता है। 24 अक्टूबर को छुट्टी के बाद उसका स्कूल गेट के सामने से वैन सवार 4 लोगों ने अपहरण कर लिया। इसकी सूचना उन्होंने यूपी 100 पर की थी। सूचना के बाद वह अपने परिचितों के साथ बेटे की पड़ताल में लग गए। देर शाम करीब 8 बजे शुभ ने उन्हें फोन किया। शुभ ने बताया कि वैन सवार बदमाशों ने उसे उन्नाव के दही चौकी के पास छोड़कर भाग गए है। वह एक चाय वाले के फोन से कॉल कर रहा है। जिसके बाद परिवारीजन उन्नाव पहुंचे और शुभ को लेकर वापस लौटे। शुभ ने बताया कि स्कूल गेट पर वैन का हार्न बजा वह बाहर निकला तो देखा उसकी वैन नही है तब वह स्कूल गेट की ओर वापस हुवा ही थी कि पीछे से बदमाशो ने मुँह दबाकर उसे वैन में डाल लिया और ऊपर से काला कपड़ा ढक दिया। शोर मचाने पर बदमाशों ने कई छप्पड़ मारे। और काफी देर बाद उठाकर बाहर फेंक दिया।
पीड़ित की सूचना पर जानकीपुरम एसएसआई दया शंकर सिंह सेंट मैरी स्कूल पहुंचे और घटना की बाबत सीसीटीवी फुटेज देखना चाहा। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें सीसीटीवी के खराब होने की जानकारी दी। जिसपर एसएसआई ने प्रबंधन को फटकार लगाते हुए कैमरे सही कराने व सिक्योरिटी बढ़ाने का निर्देश दिया। वही यह भी आशंका जताई कि छुट्टी के वक्त सिर्फ चार बच्चे रह गए थे। कही बदमाश किसी दूसरे बच्चे को समझकर शुभ को तो नही उठा ले गए थे। जिस वजह से उन्नाव में छोड़ दिया।







