आगरा कोर्ट ने अनिरुद्धाचार्य महाराज के खिलाफ दर्ज किया परिवाद , बेटियों पर विवादित टिप्पणी के मामले में अब देना होगा जवाब
आगरा, 10 दिसंबर। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज उर्फ “बाबा जी” एक बार फिर अपने बयान की वजह से विवादों में घिर गए हैं। उनकी एक पुरानी कथा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हंगामा मच गया, जिसमें उन्होंने बेटियों के बारे में अत्यंत आपत्तिजनक और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया था।
वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं, “जिनकी बेटियों की शादी 25 साल में हो रही है, तब तक वो कई-कई जगह मुँह मार चुकी होती हैं।”
इस बयान से आहत होकर अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिला महिला अध्यक्ष रेखा अग्रवाल ने उनके खिलाफ आगरा मजिस्ट्रेट कोर्ट में परिवाद दायर किया था। कोर्ट ने परिवाद स्वीकार कर लिया है और अब अनिरुद्धाचार्य महाराज को तय तारीख पर अदालत में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा।
मामला दर्ज होने के बाद उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “महिलाओं और बेटियों के सम्मान पर इस तरह की गंदी टिप्पणी करने वालों को समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। यह शर्मनाक है।”
वहीं कुछ लोग इसे “अति का विरोध” बता रहे हैं। एक यूजर अविनाश ने लिखा,
“अति की भली न बोलना, अति की भली न चूप।
अति की भली न वर्षा, अति की भली न धूप।।
जो न्यायोचित हो, वही कार्रवाई होनी चाहिए।”
बता दें कि अनिरुद्धाचार्य महाराज अक्सर अपने बेबाक और कभी-कभी विवादास्पद बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। अब देखना यह है कि कोर्ट में इस मामले का क्या रुख रहता है।







