- नवरात्रि का सातवां दिन ब्रम्हांड के डार्क मैटर और ब्लैक होल की अनुभूति कराने वाला!
- सहस्रार चक्र की सक्रियता व्यक्ति को ब्रह्मांडीय चेतना से जोड़ देती है, जहाँ वह अनंत और अनंत उसका हो जाता है
अलका शुक्ला
चैत्र नवरात्रि का सातवाँ दिन आदिशक्ति के उस सर्वाधिक विकराल और भयावह स्वरूप ‘माँ कालरात्रि’ को समर्पित है, जो अंधकार का नाश करने वाली और काल (समय) पर भी नियंत्रण रखने वाली महाशक्ति हैं। इनका वर्ण घने अंधकार के समान काला है, बिखरे हुए केश और गले में बिजली की तरह चमकती माला इनके रौद्र रूप को दर्शाती है। नासिका से अग्नि की ज्वालाएं निकलती हैं और इनकी तीन आँखें ब्रह्मांड की तरह विशाल और गोल हैं। गधे की सवारी करने वाली माँ के चार हाथ हैं। एक में खड्ग, दूसरे में लौह अस्त्र, और शेष दो हाथ अभय व वरद मुद्रा में हैं। हालाँकि इनका रूप अत्यंत डरावना है, लेकिन ये अपने भक्तों को हमेशा शुभ फल ही देती हैं, इसीलिए इनका एक नाम शुभंकारी भी है। यह स्वरूप हमें सिखाता है कि सत्य और न्याय की रक्षा के लिए कभी-कभी अत्यंत कठोर और विध्वंसक होना भी अनिवार्य है।

आध्यात्मिक गहराई में उतरें तो माँ कालरात्रि का सीधा संबंध हमारे शरीर के सातवें ऊर्जा केंद्र सहस्रार चक्र के द्वार और उसे भेदने की प्रक्रिया से है। योग शास्त्र के अनुसार, यह चक्र सिर के सबसे ऊपरी हिस्से पर स्थित है, जिसे ‘हजार पंखुड़ियों वाला कमल’ कहा जाता है। जब साधक की ऊर्जा आज्ञा चक्र से ऊपर उठकर सहस्रार की ओर बढ़ती है, तो उसे भौतिक संसार के मायाजाल और काल (समय) के बंधनों को तोड़ना पड़ता है। कालरात्रि इसी काल के भेदन की शक्ति हैं। इनकी उपासना से साधक के भीतर का सारा संचित डर, अहंकार और अज्ञान जलकर भस्म हो जाता है। सहस्रार की सक्रियता व्यक्ति को ब्रह्मांडीय चेतना से जोड़ देती है, जहाँ ‘स्व’ और ‘पर’ का भेद समाप्त हो जाता है।
इस रौद्र स्वरूप के पीछे छिपा वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक रहस्य एन्ट्रॉपी और विनाश के माध्यम से सृजन के सिद्धांतों से मिलता-जुलता है। विज्ञान कहता है कि ब्रह्मांड में कुछ भी स्थायी नहीं है और विनाश ही नए सृजन का आधार है (जैसे एक तारे का टूटना नए सौरमंडल को जन्म देता है)। माँ कालरात्रि इसी डिस्ट्रक्टिव एनर्जी का प्रतीक हैं जो पुरानी और व्यर्थ की चीजों को नष्ट कर नए जीवन का मार्ग प्रशस्त करती हैं। मनोवैज्ञानिक स्तर पर, यह शैडो वर्क की प्रक्रिया है। अर्थात अपने भीतर के सबसे गहरे डर और अंधेरे का सामना करना। जो साधक अपने भीतर के अंधकार से नहीं डरता, वही प्रकाश (ज्ञान) का असली अधिकारी होता है। इनका काला रंग भौतिकी के अनुसार ब्लैक होल की तरह है, जो सभी प्रकार की ऊर्जाओं को अपने भीतर समाहित कर उसे अनंत में बदल देता है। रक्तबीज के वध की कथा को अगर हम डिकोड करें तो हम पाते हैं कि ब्लैक होल से बहुत सी समानताएं दिखा सकते हैं। सभी बड़े-बड़े महारथी, बड़े भयंकर अस्त्र-शस्त्र, तमाम प्रकार की ऊर्जाओं आदि सबको अपने विकराल मुंह में रख अनंत में विलीन कर देने वाली ये मां कालरात्रि की ही सुपर ग्रैविटी वाली शक्ति रही है। शिव जो समस्त ऊर्जाओं का स्रोत हैं वो मां कालरात्रि के पैरों के नीचे ही रहे और उस विकराल मुख के परम गुरुत्वाकर्षण से बच गए।
नवरात्रि के सातवें दिन के लिए ‘रॉयल ब्लू’ या ‘गहरा काला’ रंग विशेष माना जाता है, जो अथाह गहराई और अनंत विस्तार का प्रतीक है। न्यूरोसाइंस के नजरिए से, इस दिन का गहन ध्यान मस्तिष्क की डेल्टा तरंगों को सक्रिय करता है, जो गहन निद्रा और उच्चतर आध्यात्मिक अनुभवों से जुड़ी हैं। माँ कालरात्रि का संदेश स्पष्ट है; समय निरंतर बीत रहा है, और इस नश्वर शरीर से परे जो शाश्वत सत्य है, उसे पाने के लिए मोह-माया के अंधकार को चीरना ही होगा। यह साधना का वह चरम पड़ाव है जहाँ भक्त स्वयं को पूर्णतः समर्पित कर ‘शून्य’ होने की कला सीखता है, ताकि वह अनंत का हो सके।







